Friday, May 15, 2015

खुश- रहो.

हर खुशी हो वहां,  कदम तेरे जहाँ.
जिन्दगी हो वहां,  तू रहे भी जहाँ.
खुश रहें, ना रहें,  है हमें गम नहीं.
जो सोचा, वो होगा,  मुकम्मल नहीं.
था भरोसा हमें,  आज भी, है वही.
हम तुम्हारे लिये हैं,  कोई शक नहीं.
मुस्कुराते रहो,  हर समय, हर, जहाँ.
जिंदगी हो वहां,  तू रहे भी जहाँ .

हाँ अँधेरे हैं आगे,  हमें डर नहीं.
कोई जुगनु दिखायेगा,  मंजिल नई.
सलामत रहो,  हम करेंगे दुआ.
कर भला ,हो भला,  सीख सिखला गई.

सबको सब कुछ मिले,  ये जरुरी नहीं.
जो मिला, है मयस्सर,  है शिकवा नहीं.
ज्ञान की रोशनी,  से हो, रोशन, वहां.
जिन्दगी हो वहां,  तू रहे भी जहाँ.

कामयाबी की,  हर नई, मंजिल मिले.
जो चाहा, जो ठाना,  वो सब कुछ मिले.
झोली भर दें, खुशी की,  प्रभु सब से है न्यारा.
चाँद- तारे सजा दें,  जो आँगन  तुम्हारा.
सभी सुख मिलें,  हो ईश्वर की माया.
जीवन में सब कुछ,  सफलता का साया.
खुशियों का डेरा हो,  चांदनी हो वहां.
जिन्दगी हो वहां,  तू रहे भी जहाँ.
-    - - ० - - -
( यह रचना मूलतः २७ सितम्बर २०१२ को लिखी गई. )        


स्वीकारोक्ति

यह मन मेरा भी पागल है, सपनों के पीछे दौड़ रहा.
सपना तो आखिर सपना है, आँख खुली तो कुछ न रहा.
कैसा यह खेल, विधाता का, सोचा ना बुरा, ना बुरा किया.
कोशिश अच्छा करने की थी, क्षमा करें, सपना न जिया.

हाँ, दोष, अन्त में, मेरा ही, परवरिस में शायद चूक हुई.
समझा जिसको मैं आजादी, साबित जीवन की जेल हुई.
ईश्वर तो नेक दयालु हैं, सबकी रक्षा, पालन सबका.
मैं ही, जिम्मेदार स्वयं, अपनी करनी, और सपनों का.

-    - - ० - - -
{ यह रचना मूलतः १७ अक्तूबर २०१२ को लिखी गई. }


परिवार

परिवार
परिवार नहीं हम चुनते हैं, ज्ञानी- चिन्तक कहते आये.      
पूर्व- निर्धारित, माप- दण्ड ही, परिवार का कारण बन जाये.
पूर्व- जन्म के सत्कर्मो / दुष्कर्मों, प्रयासों, का लेखा- जोखा.
तय करता है, कहाँ जन्म हो, और परिवार की रुपरेखा.

ईश्वर करता सम्पूर्ण न्याय, निष्पक्ष, सभी प्राणी के लिये.
किसे महल और किसे झोंपड़ी, पारिवारिक उपहार दिये.
प्राणी का परिवार ही जग में, प्रथम और अन्तिम आश्रय.
परवरिस और पालन- पोषण, अन्तर का केंद्र है परिवाश्र्य.

परिवार के कारण ही कुछ को, सुविधा, प्रतिष्ठा मिलती है.
और इसी कारण. कुछ में, भुखमरी, गरीबी पलती है.
परिवार हमें सब- कुछ देता, प्रष्ठभूमि और दायरे में.
फर्ज हमारा भी है बनता, विश्वास करें सत्कर्मों में.

परिवार हमें है, नहीं रोकता, आगे बढ़ने, सत्कर्मों से.
कड़ी मेहनत, और सूझ- बुझ, लड़े अभाव, गरीबी से.
हिम्मत हो, और जिजीविषा हो, कुछ भी पा सकते हैं.
सर्वोच्च लक्ष्य भी, नहीं असंम्भव, हासिल कर सकते हैं.

अब हम सोचें, हमने दिया क्या ? परिवार ने हमको इतना दिया.
कुछ तो सार्थक करें, स्वयं को, नई आशा, और नये विचार.
लाभ मिले मानव- जाति को, पूरा विश्व, हमारा परिवार.
तभी सफल हो, जीवन अपना, धर्म हमारा, मानव- परिवार.


-     -०  ---

Thursday, May 14, 2015

यूं  ही

जीवन में संयोग कभी, बस यूं ही बन जाते हैं.
अनजानी राहों के बीच, मन- मीत नजर आते हैं.
दीपक की लो राह दिखाये, भटकें जब अंधियारे में.
सूरज – रश्मि रंग भर देती, जीवन के गलियारे में.

अकस्मात कुछ भी ना होये, कुछ तो कारण होगा.
विज्ञान- ज्ञान में बंधे सभी, बिन बादल जल बरसेगा ?
निश्चय ही कोई शक्ति, नियंत्रित करती सारे जग को.
तब ही दो अनजान बांटते, सुख- दुःख, जीवन- धन को.

कैसा ये खेल विधाता का, कोशिश भी कभी नहीं फलती.
बिन मांगे मोती मिलते हैं, मांगे भीख नहीं मिलती.
रिश्ते- नाते हमें बनायें, या हम उन्हें बनाते हैं.
जो भी समझो, यह तुम पर है, हम-सब आते- जाते हैं.

लेकिन कुछ तो है शक्ति- सूत्र, जो नजर नहीं आता है.
लाख मना  कर ले कोई, बस खिंचा चला जाता है.
क्या है !  यह संयोग मात्र, जब अनजाने संग प्रीत जगे.
बन जायें जन्मों के नाते, जीवन-जोत, प्रभात उगे.

अनजानी राहों के बीच, अजनबी बहुत मिलते हैं.
उनमें मन- मीत नजर आये, मन में सपने पलते हैं.
ऐसा ही कुछ हुआ है, यूं ही, आदेश मान ईश्वर का.
गठबंधन, ये प्यार का बंधन, अमर- प्रेम, जीवन का.

जो भी हो, है स्वीकार हमें, आभार, भार, ईश्वर का.
नत- मस्तक हैं, धन्यवाद, उस परमपिता परमेश्वर का.
तेरा तुझ को अर्पण भगवन, हम में वह शक्ति दो.
पूरा करें किया जो वादा, कर्म- प्रेरणा भर दो.
        ---  ०  ---
( यह रचना मूलतः १३  मार्च २०१२ को लिखी गई )





Wednesday, May 13, 2015